समीक्षा
अस्ति और भवति
-हरिशंकर राढ़ी
पढ़ने
के क्रम में अभी जिस पुस्तक को पढ़कर समाप्त किया है, वह है प्रसिद्ध साहित्यकार, साहित्य अकादेमी, भारत सरकार के हिंदी भाषा से अब तक के एकमात्र अध्यक्ष
प्रो. विश्वनाथ प्रसाद तिवारी की वृहद आत्मकथा ‘अस्ति और भवति’। चार सौ से अधिक पृष्ठों की यह आत्मकथा मेरे पुस्तकालय की
शोभा दो साल से अधिक से बढ़ा रही थी। अब जाकर इसकी यात्रा हुई है। लंबी, रोचक, समझाऊ
तथा कहीं-कहीं थकाऊ भी। इस आत्मकथा से गुज़रना अपने समय के साहित्यिक एवं सामाजिक
परिवेश की अंतर्यात्रा है, ऐसा महसूस
हुआ है।
हिंदी
साहित्य में एक विचित्र-सी मानसिकता है
कि आत्मकथा एवं संस्मरण को प्रायः साहित्य
नहीं माना जाता, जबकि उसमें भी कथा होती
है। यदि उसी कथा को उपन्यास और कहानी के नाम से परोसा जाए तो वह साहित्य हो जाता
है। स्तर की बात अलग हो सकती। तह में जाएँ तो लगता है कि जहाँ यथार्थ के बजाए
कल्पना हो या मनचाहा यथार्थ गढ़ा गया हो, वह साहित्य है। आत्मकथा को लेकर ऐसी मानसिकता के पीछे कुछ
अपने कारण हो सकते हैं, अपनी सोच हो
सकती है। आत्मकथा को प्रकारांतर से आत्मप्रशंसा या आत्मालाप भी समझा जाता है, जो प्रायः नीरस हुआ करती है। वैसे भी हमें दूसरों का जीवन
नीरस तथा उबाऊ लगता ही है। यदि आत्मकथा किसी राजनीति, औद्योगिक या आर्थिक रूप से सफल व्यक्ति ने लिखी है तो हो
सकता है कि उसमें साहित्य का रस न हो, किंतु यदि उसे किसी साहित्यकार ने लिखा है तो उसमें साहित्य
प्रवेश कर ही जाएगा। इस श्रेणी में हिंदी साहित्य की अनेक आत्मकथाएँ रखी जा सकती
हैं। विश्वनाथ प्रसाद तिवारी की आत्मकथा एक लंबे जीवन के अनुभवों तथा अनुभूतियों
को सामने रखती है। उसमें विचार हैं, विमर्श हैं, साहित्य है और निजता भी है। आत्मकथा सर्वस्वीकार्य तभी होती
है,
जब उसमें उस समय का समाज भी प्रतिबिंबित हो रहा हो। वस्तुतः
आत्मकथा की स्वीकार्यता बढ़ाने का सबसे जरूरी पक्ष यही होता है।
आत्मकथा
‘अस्ति और भवति’ आत्मचरित, बीसवीं
सदी के ग्रामीण जीवन, साहित्य एवं
साहित्य के खेल, समाज, शिक्षा एवं जीवन-दर्शन का कोलॉज है। इसमें आत्मकथाकार ने
लगभग हर पक्ष को सूचित ही नहीं, विश्लेषित
भी किया है, इसलिए पुस्तक का विस्तार
चार सौ पृष्ठों से अधिक है। पिछले छह-सात दशकों में तकनीक, परंपराओं, सुविधाओं
तथा व्यवस्था में व्यापक बदलाव हुआ है, जिसकी झलक इस पुस्तक में मिल जाती है। तिवारी जी का जन्म
सन् 1940 में हुआ था, जब देश पराधीन था; किंतु स्वतंत्रता का आंदोलन अपने उत्कर्ष पर था। वह काल
प्रायः अंधकार और अभावों का था। वहाँ से प्रारंभ हुई विकास और बदलाव की यात्रा
जारी है। देखा जाए तो इस आत्मकथा में काल और क्षेत्र का वर्णन सन् 1953 से प्रारंभ होता है, जब वे एक बालक के रूप में मिडिल की पढ़ाई के लिए अपना गाँव
छोड़ रहे हैं। लगभग 13 वर्ष की
उम्र में स्मृतियाँ अंकित होने लगती हैं, किंचित धुँधली भले हों। इसके बाद का लगभग सात दशक का कालखंड
इस पुस्तक में समाया है, जो विभिन्न
कोणों से देखा गया है।
दो
दर्जन से अधिक प्रकरणों में लिखित यह आत्मकथा अलग-अलग धरातलों पर चलती हुई एक
सूत्र में बँधी हुई है। लेखक कहीं कर्ता के रूप में दिखता है तो कहीं द्रष्टा के।
मेरा मानना है कि पुस्तक में भूमिका का बहुत महत्त्व होता है, बशर्ते वह कागजी खानापूर्ति न हो। उसमें पूरी पुस्तक लिख
लेने के बाद भी जो छूट गया हो, उसे
कहने की तलब, जद्दोजहद और माद्दा हो।
ईमानदारी तो भूमिका में मेरुदंड का काम करती ही है। इस पुस्तक की भूमिका में
ईमानदारी दिखती है, कुछ कहने की
तलब भी है। तिवारी जी ने भूमिका को शीर्षक दिया है- ‘आग का दरिया है औ डूब के जाना है’। आत्मकथाकार छोटा हो या बड़ा, हमारे हिंदी समाज की एक विशेषता है कि वह आत्मकथा में कुछ
गोपनीय रहस्यों, पेंचोखम, छल-छंद का उद्घाटन देखना चाहती है। उसे आत्मकथा की सच्चाई
पर तब तक विश्वास नहीं होता जब तक कि कुछ प्रेम और यौन-संबंधों का स्वीकरण न हो।
आत्मकथा लेखन में एक तरफ कुआँ तो दूसरी तरफ खाईं होती है।
तिवारी
जी ऐसे प्रसंगों की क्षुद्रताओं में बँधे बिना जीवनयात्रा को जीवन दर्शन, एक रहस्यमय अध्यात्म और नैसर्गिक यात्रा का रूप दे दिया है।
जीवन कमोबेश सबका एक जैसा ही होता है, उसे देखने का नज़रिया, मूल्यबोध तथा परिवेश अलग कर देता है। यहाँ तिवारी जी ने
जीवन को एक संघर्षपूण यात्रा के अतिरिक्त एक ईश्वरीय वरदान माना है, जिससे पाठक को साहस मिलता है। लेखक का मानना कि आत्मकथा
लेखन एक प्रकार का अहंकार प्रदर्शन है। इसे भारतीय परंपरा के महान कवियों, ऋषियों, मनीषियों
तथा संतों की परंपरा के विरुद्ध बताया है। भूमिका में यहीं से भारतीय जीवन-दर्शन
शुरू हो जाता है।
पुस्तक
के प्रारंभिक प्रकरणों में लेखक अपना पारिवारिक परिचय देता है, जिसका प्रारंभ ‘आषाढस्य प्रथम दिवसे’ से होता है। इसमें अपने जन्म के उल्लेख के बहाने वह
जीवमात्र के जन्म, भाग्य और
दर्शन का विवेचन करता है। इस प्रकरण में जन्म-मरण की भारतीय मनीषा का व्यापक
प्रभाव दिखता है, जो मनुष्य
को अहंकार से मुक्त करता है। इसके बाद ‘सपनों में गाँव’ के अंतर्गत तत्कालीन गोरखपुर जनपद अंतर्गत अपने गाँव
भेड़िहारी का व्यापक वर्णन पाते हैं। यहाँ पर तिवारी जी अपने गाँव के बहाने उस
कालखंड के लगभग सभी गाँवों की दशा का वर्णन कर देते हैं। उल्लेखनीय है कि यह वर्णन
शुष्क और सूचनात्मक मात्र नहीं है। उसका आत्मीय विवेचन है, जिसमें साहित्य की लपेट वाक्य-दर-वाक्य है। वे शिवप्रसाद
सिंह के ग्राम केंद्रित उपन्यास ‘अलग-अलग
वैतरणी’
से बड़ा समीचीन उद्धरण देते हैं, जो उत्तर भारत के गाँव-गाँव की कथा है।
उद्धरणों
की बात की जाए तो पूरी आत्मकथा में बड़े प्रासंगिक उद्धरण भरे पड़े हैं। ये उद्धरण
भारतीय से लेकर पाश्चात्य साहित्यकारों और विद्वानों के हैं, जो एक जीवन दृष्टि देते हैं। ‘अस्ति और भवति’ की वह प्रति, जिसे मैंने पढ़ा है, पंक्तियों के रेखांकन तथा ‘महत्त्वपूर्ण’ सूचक टिप्पणियों से भर गई है। कहने की आवश्यकता नहीं कि यह
तिवारी जी की गंभीर वैचारिक दृष्टि, गहन स्वाध्याय और चिंतन-मनन का प्रमाण है।
‘समय में जो डूब गए’ प्रकरण में वे एक-एक करके अपने पूर्वजों-परिजनों के विषय
में लिखते हैं। सबसे पहले माँ का जिक्र है, जो स्वाभाविक है कि शीर्ष पर होना चाहिए। प्रारंभ माँ के
निधन की तिथि 12 अक्टूबर, 1988 से होता है। माँ के साथ हर संवेदनशील व्यक्ति का भावुक हो
जाना नितांत स्वाभाविक है। माँ के साथ वे अपने ननिहाल (जो बिहार के चंपारण में है)
का भी स्मरण करते हैं। इसी प्रसंग में तिवारी जी पंडित विद्यानिवास मिश्र जी का भी
स्मरण करते हैं। मिश्र जी की ससुराल तिवारी जी के ननिहाल के पास थी और वे उस छितवन
के पेड़ का उल्लेख करते हैं, जो राह में
पड़ता था,
जिस पर मिश्र जी का प्रथम ललित निबंध संग्रह ‘छितवन की छाँह’ आया था।
साहित्यकार-कवि
की विशेषता होती है कि वह हर प्रसंग को किसी-न-किसी साहित्यिक प्रसंग से जोड़कर
रससिक्त कर देता है। यह विशेषता ‘अस्ति और
भवति’
में बारंबार दिखती है, और यही एक वृहद् आत्मकथा को बोझिल होने से बचाती है। तिवारी
जी का लोक-जीवन और लोक साहित्य से जुड़े होना आत्मकथा का दूसरा सशक्त पक्ष है।
गाँवों मे विभिन्न अवसरों पर गाए जाने वाले लोकगीत मंद समीर की तरह होते हैं, जो जाने-अनजाने बहा करता है। यह आवाजाही पुस्तक के
आत्मसूचना वाले हिस्से में बहुत प्रभावी है।
दूसरे
क्रम पर पिता जी का वर्णन है। बाबा और इया (दादी) के उल्लेख के बाद फूआ पियारी
देवी का प्रकरण आता है। यह प्रकरण (क्योंकि फूआ जी बाल विधवा थीं) उस समय के समाज का डरावना चित्र प्रस्तुत करता है। रूढ़ियों, अशिक्षा, भेदभाव
तथा अज्ञानता के भँवर में फँसे समाज में बाल विधवा का जीवन कितना त्रासद होता था, यह आज और कल की पीढ़ियाँ इस प्रकरण से देख सकती हैं।
सूक्ष्मता
से देखा जाए तो लेखक ने सूचनात्मक आत्मकथ्य (पारिवारिक विवरण) को यहीं पूरा करके
बड़ी यात्रा की ओर चल पड़ता है। भावनात्मक दृष्टि से देखें तो आत्मकथा कहीं भी पूरी
तरह सूचनात्मक नहीं होने पाई है। उसमें वैचारिक आलोड़न, संवेदनशील दृष्टि, मानवीय सरोकार और कवित्व आद्योपांत उपस्थित है। आशय यह कि
पारिवारिक प्रकरणों को पूरा करने के बाद लेखक अपनी यात्रा प्रारंभ कर देता है और
वह यात्रा उस सुदूर स्थल तक पहुँचती है, जहाँ वह स्वयं को आत्मकथा लेखन योग्य समझता है। आत्मकथा कोई
लक्ष्य नहीं, एक अल्प पड़ाव है, जिसके बाद भी यात्रा चलती है। निज की अंतर्यात्रा और
बहिर्यात्रा समानांतर चलती है, जो
हमारे सामने साहित्य और समाज का एक बड़ा लैंडस्केप दिखाती है। यह यात्रा प्रारंभ
होती है ‘एक बूंद की यात्रा’ प्रकरण से।
इसके
बाद के प्रकरणों में घटनाओं, दिनचर्यायों, कार्यक्रमों, संघर्षों, साहित्यिक
व्यस्तताओं आदि के प्रसंग आते हैं, जिनमें वैचारिक सघनता बढ़ती जाती है। तिवारी जी का गाँव से
निकलकर गोरखपुर आना, किराये के
मकान में लगभग 15 वर्ष सपरिवार रहना, उच्च शिक्षा प्राप्त करना, गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्रवक्ता के रूप में नियुक्त
होना और अंततः वहीं से प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष होकर सेवानिवृत्त होना आदि प्रसंग
लगभग अपनी पूर्णता में आते हैं। तिवारी जी के जीवन की साहित्यिक उपलब्धियों में ‘दस्तावेज’ का
संपादन-प्रकाशन और अंततः साहित्य अकादेमी दिल्ली के अध्यक्ष पद पर चयन सर्वथा
उल्लेखनीय घटनाक्रम रहे हैं। खासकर केंद्रीय साहित्य अकादेमी, दिल्ली में अध्यक्ष पद अपने कार्यकाल के विषय में ‘35, फीरोजशाह रोड’ प्रकरण में जो वर्णन उन्होंने किया है, वह कई प्रकार के विचार छोड़ जाता है। ऐसी महत्त्चपूर्ण
अकादेमी का इतिहास, उसकी
कार्यपद्धति, प्रतिष्ठा, महत्त्व तथा अंततः चलने वाली उखाड़ -पछाड़ की राजनीति आँखें
खोल देती है।
साहित्य
जगत में आँखें खोलने वाले प्रसंग बारंबार आते हैं। कई दशकों तक हिंदी साहित्य में
वामपंथ के राजनीतिक झंडे के तले जिस प्रकार का एकपक्षीय संगठित गिरोह चलाये गए, पुरस्कारों-सम्मानों की बंदरबाँट हुई, किस प्रकार राजनीति निरपेक्ष या वामपंथ से पृथक रहने वाले
लेखकों को दरकिनार किया गया, इसका
संकेत अनेक स्थलों पर मिलता है। तिवारी जी ऐसे प्रसंगों के वर्णन में कहीं
पूर्वाग्रही नहीं लगते। हाँ, भोगे
गए तथा थोपे गए पक्षपात का मलाल तो न जाने कितने लेखकों को है। वह तिवारी जी का ही
अध्यक्षीय कार्यकाल था, जब वामपंथ
के प्रभावी लेखकों के बड़े समूह ने ‘साहित्य अकादेमी’ सम्मानों का लौटाने का असहज कार्य किया था। उसका कोई विशेष
जिक्र तो इस आत्मकथा में नहीं है, लेकिन
ऐसा भी नहीं कि परोक्षतः उसका प्रभाव न दिखे।
आत्मकथा
का शीर्षक ‘अस्ति और भवति’ अपने आपमें गंभीर, दार्शनिक एवं अर्थपूर्ण है। ‘अस्ति’ अर्थात्
जो है और‘
‘भवति’ अर्थात् जो होता है। है और होने में पारिस्थितिकी का अंतर
है। ‘स्थितिज ऊर्जा है तो ‘भवति’ गतिज
ऊर्जा। अस्ति और भवति में गत्यात्मक बोध, परिवर्तन तथा सांसारिक यथार्थ की ओर यात्रा है। यही यात्रा
इस आत्मकथा का जीवन है। जीवन का जो गंभीर विवेचन इस आत्मकथा में मिलता है, उसी का संकेत इसका शीर्षक करता है। निश्चित रूप से किसी
कृति के शीर्षक की भूमिका उसके कथ्य को प्रभावित करती है।
आत्मकथा
का समापन उसी वैचारिक गहनता, दर्शन
और मानवीय स्वभाव पर टिप्पणी से होता है, जो आत्मकथा में सर्वत्र उपस्थित रही है। यदि कुछ कमियों की
बात की जाए तो प्रथमतः सूचनात्मक तथ्यों का
यत्र-तत्र दुहराव है। सूचनात्मक में भी लेखक के अपने स्वभाव का, कुछ पारिवारिक प्रकरणों का विस्तार का दुहराव प्रमुख है।
दूसरी कमी संपादन के स्तर पर प्रूफ रीडिंग का। एनबीटी जैसे उच्च स्तरीय प्रकाशन
संस्थान से वर्तनी इत्यादि की गलतियाँ स्वीकार्य नहीं हो सकतीं।
![]() |
| Hari Shanker Rarhi हरिशंकर राढ़ी |
वस्तुतः
इतने बड़ी और गंभीर आत्मकथा का विश्लेषण या समीक्षा इतने कम आकार में नहीं हो
सकती।यह एक सूचनात्मक और पाठकीय
प्रतिक्रिया मात्र है। निस्संदेह यह आत्मकथा पठनीय तथा विचारणीय है।
पुस्तक का नाम : अस्ति और
भवति (आत्मकथा)
लेखक : विश्वनाथ प्रसाद तिवारी
प्रकाशक : राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत
5,
नेहरू भवन, वसंतकुंज इंस्टीट्यूशनल एरिया, फेज़-2, नई दिल्ली- 110070
पृष्ठ : 425 मूल्य : रु 355/

Comments
Post a Comment
सुस्वागतम!!