ऊँची लहरों वाली झील
रामबन से अनंतनाग की दूरी 100 किलोमीटर से कम ही है। लेकिन इसे तय करने में करीब चार घंटे लग जाते हैं और कभी-कभी ज़्यादा भी। अनंतनाग से बांडीपुरा की दूरी लगभग सवा सौ किमी होगी। यह दूरी तय करने में अमूमन पाँच से छह घंटे लगने ही हैं। दक्षिण से उत्तर की ओर देखें तो इसी दायरे में सिमटी है कश्मीर घाटी। श्रीनगर इन दोनों के लगभग बीच में पड़ता है। श्रीनगर से आगे चलकर बांडीपुरा के लगभग पास में एक झील है — वुलर लेक। लोग बताते हैं कि यह डल से भी बड़ी झील है और सौंदर्य तो इसका वाकई संसार के सारे सौंदर्य को फीका कर देने वाला लगता है। अद्भुत , अप्रतिम , अतुलनीय। सबसे बड़ी बात यह है कि वुलर पर अभी पर्यावरण , पारिस्थितिकी और संस्कृति के महान और अजेय शत्रु बाजार की नज़र पड़ी तो है , पर अभी गड़ी नहीं है। लेकिन बकरे की माँ कब तक ख़ैर मनाएगी। मैं जानता हूँ , एक न एक दिन बाजार डल की तरह इसे भी लील जाएगा। वैसे ही जैसे आतंकवाद का अजगर कश्मीर को लील रहा था। ख़ैर , उस अजगर का तो लगभग इलाज हो गया है , लेकिन इस बाजार के अनाकोंडा का क्या होगा ? अब कश्मीर के समाज-राजनीति की बात बाद में कर ली जाएगी। पहले आइए , क...