उदयपुर दर्शन
हरिशंकर राढ़ी फतेहसागर झील छाया : हरिशंकर राढ़ी रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन हमें उदयपुर के दर्शनीय स्थलों की सैर करनी थी। वैसे तो ऐसे पर्यटक बिंदुओं पर टैक्सीवाले तथा टुअर ऑपरेटर न जाने कितने स्थान पैदा कर लेते हैं, लेकिन हमें कुछ खास स्थल ही घूमने थे। उनमें फतेह सागर झील, सहेलियों की बाड़ी और सिटी पैलेस ही मुख्य थे। थोड़ा सा समय कुछ खरीदारी के लिए भी चाहिए था। लिहाज़ा हमने दस बजे होटल से चेक आउट कर लिया और गाड़ी में सवार हो लिए। हमारा पहला पड़ाव फतेह सागर झील थी। रास्ते में हमने आधा घंटा एक उद्यान में बिताया जो कि अच्छा तो था किंतु अद्वितीय किसी कीमत पर नहीं। फतेह सागर झीलः फतेहसागर झील के सामने यह झील निश्चित रूप से उदयपुर के प्रमुख आकर्षणों मे...